दुधवा नेशनल पार्क से भागे दो आतंकी बाघों में से एक ने गाजीपुर जनपद में हड़कंप मचा दिया है। समाचार-पत्रों और न्यूज चैनलों के मुताबिक एक बाघ ने जहां वन-विभाग के अधिकारियों, प्रशासनिक वर्ग और पुलिस की नाक में दम कर रखा है, वहीं आम नागरिकों में दहशत का माहौल व्याप्त है। गंगा और कर्मनाशा के बीच के कई गांवों के लोगों ने इस बाघ को देखा है जो अब तक कई जानवरों को अपना ग्रास बना चुका है। यही नहीं वह खुशीराम यादव नाम के एक व्यक्ति को भी मारकर खा गया। लहुआर, बहादुरपुर,तियरीं, दरौली होते हुए वह बाघ गंगा किनारे से जनपद चंदौली में प्रवेश कर चुका है। चंदौली जिले के घानापुर तहसील में चक्रमण करते हुए उस बाघ ने अमादपुर के पास एक नीलगाय और एक कुत्ते को मारकर अपनी भूख शांत की। यही नहीं उस बाघ ने गंगा किनारे कई एकड़ अरहर की फसल को रौंद कर क्षतिग्रस्त कर दिया है। कुल मिलाकर ज़मानियां और चंदौली में उस बाघ ने ग्रामीणों और बस्तीवालों में दहशत का मौहाल कायम कर दिया है।